आईआईएम इंदौर के छात्र करेंगे जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन एवं प्रभाव का अध्ययन

राजगढ जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना – ग्रामीण के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध कराए जा रहे आवासों तथा योजना के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन एवं प्रभाव का विस्तृत अध्ययन एवं आकलन आईआईएम इंदौर के विद्यार्थियों द्वारा किया जाएगा। इसी क्रम में आईआईएम इंदौर के विद्यार्थियों का दल राजगढ़ जिले में पहुंचा। विद्यार्थियों द्वारा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन की स्थिति, हितग्राहियों को योजना का लाभ मिलने की प्रक्रिया, आवास निर्माण की प्रगति तथा योजना से हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव का अध्ययन किया जाएगा।
इस संबंध में विद्यार्थियों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले से मुलाकात कर अध्ययन की रूपरेखा एवं कार्ययोजना के संबंध में चर्चा की। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले द्वारा विद्यार्थियों को जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन, हितग्राहियों के चयन, आवास निर्माण की प्रगति एवं योजना के जमीनी प्रभाव के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने विद्यार्थियों को सुझाव दिया कि अध्ययन के दौरान केवल आंकड़ों एवं अभिलेखों के आधार पर मूल्यांकन न करते हुए हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजना के वास्तविक प्रभाव एवं उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया जाए।
उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न ग्रामों में जाकर हितग्राहियों के आवासों का प्रत्यक्ष अवलोकन करने तथा आवास निर्माण के विभिन्न चरणों, मूलभूत सुविधाओं एवं हितग्राहियों की संतुष्टि का भी अध्ययन करने के सुझाव दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी सुझाव दिया कि अध्ययन के दौरान योजना के क्रियान्वयन में आने वाली व्यवहारिक कठिनाइयों, हितग्राहियों के अनुभव तथा योजना से उनके जीवन में आए सामाजिक एवं आर्थिक बदलावों को विशेष रूप से शामिल किया जाए, ताकि अध्ययन से प्राप्त निष्कर्ष भविष्य में योजना के बेहतर क्रियान्वयन में उपयोगी हो सकें। विद्यार्थियों द्वारा जिले के विभिन्न जनपद पंचायत क्षेत्रों में निर्धारित ग्रामों का भ्रमण कर प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से प्रत्यक्ष संवाद किया जाएगा तथा योजना के क्रियान्वयन एवं प्रभाव का जमीनी स्तर पर आकलन किया जाएगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले द्वारा विद्यार्थियों को आवश्यक सहयोग, मार्गदर्शन एवं संबंधित मैदानी अमले से समन्वय हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।आईआईएम इंदौर के विद्यार्थियों द्वारा अध्ययन के दौरान प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन एवं प्रभाव का विश्लेषण किया जाएगा। अध्ययन से प्राप्त निष्कर्ष एवं सुझाव योजना को और अधिक प्रभावी एवं हितग्राही-केंद्रित बनाने में उपयोगी होंगे।



