राजस्थानराज्य

सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद बवाल, भीड़ ने ट्रक चालक को पकड़ा और केबिन फूंका

उदयपुर
राजस्थान के उदयपुर शहर में सोमवार सुबह सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों और आसपास के लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और ट्रक के केबिन में आग लगा दी। इसके बाद लोगों ने सड़क प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही सवीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत करवाया और ट्रक चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया।

सवीना थाना पुलिस के मुताबिक उदयपुर शहर में तीतरड़ी गुप्तेश्वर रोड पर सुबह करीब 8 बजे हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को कुचल दिया। हादसे में निर्मला साहू (48) पत्नी कन्हैयालाल साहू निवासी तीतरड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रक तीतरड़ी गांव की तरफ आ रहा था और स्कूटी सवार महिला अपने घर की ओर लौट रही थी। जिस जगह हादसा हुआ, वहां से कुछ ही दूरी पर महिला का घर था। ऐसे में हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग और आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंच गए।

भीड़ ने ट्रक में लगाई आग
महिला की मौत से गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक को मौके पर पकड़ लिया। साथ ही लोगों ने ट्रक के केबिन में आग लगा दी। सड़क पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और प्रदर्शन करने लगे। लोगों ने पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी का आरोप भी लगाया। पुलिस के अनुसार जिस परिवार ने ट्रक चालक को संरक्षण देने की कोशिश की, उसके खिलाफ भी लोगों ने आक्रोश जताया और हमला करने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और चालक को भीड़ से छुड़ाकर सुरक्षित थाने पहुंचाया।

पुलिस ने शांत करवाया मामला
हादसे के बाद मौके पर तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने मृतका के परिजनों और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने ट्रक चालक पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, ट्रक चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर पुलिस थाने लाई, जहां पर उससे पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button