खबरें

कलेक्टर डॉ. मिश्रा की अध्यक्षता में एनकॉर्ड एवं सड़क सुरक्षा संबंधी बैठक आयोजित  मादक पदार्थों की रोकथाम, तस्करी पर निगरानी एवं जनजागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने के निर्देश 

राजगढ़    कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को एनकॉर्ड एवं सड़क सुरक्षा संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मादक पदार्थों एवं नशीली दवाओं की रोकथाम के लिए की जा रही कार्यवाही की समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा संबंधित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में नियमित रूप से जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं। साथ ही आमजन को एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लागू कानूनी प्रावधानों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। बैठक में एमएलसी रिपोर्ट एवं पीएम रिपोर्ट से संबंधित बिंदुओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने जिले में संचालित नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों का नियमित पर्यवेक्षण करने तथा वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं सेवाओं की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के साथ-साथ नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों के पुनर्वास एवं समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने तथा सभी संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखते हुए मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विषयों पर भी आवश्यक चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button