पीएनजी कनेक्शन को बढ़ावा देने के लिए बैठक आयोजित राजगढ़ एवं ब्यावरा में पीएनजी कनेक्शन के लक्ष्य निर्धारित, जनजागरूकता पर दिया जोर

राजगढ़ जिला कार्यालय खाद्य शाखा राजगढ़ में गुरुवार को अपर संचालक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल श्री शशांक मिश्रा की अध्यक्षता में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन की प्रगति के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजगढ़ एवं ब्यावरा शहरी क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन को बढ़ावा देने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कनेक्शन उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में वर्तमान में 1156 पीएनजी कनेक्शन चालू हैं। पीएनजी क्षेत्र में आने वाले ऐसे उपभोक्ता, जिन्होंने अभी तक कनेक्शन नहीं लिया है, उन्हें नोटिस जारी करने के संबंध में भी चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि पीएनजी गैस, एलपीजी की तुलना में लगभग 20 से 25 प्रतिशत सस्ती है तथा इसे सुरक्षित विकल्प के रूप में अपनाया जा सकता है। आमजन को पीएनजी कनेक्शन के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार करने पर जोर दिया गया। साथ ही 03 अक्टूबर, 2026 को आयोजित होने वाले शिविर में पीएनजी कनेक्शन के प्रचार-प्रसार एवं पंजीयन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) के माध्यम से नोटिस एवं एसएमएस भेजने तथा जागरूकता गतिविधियों में सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजगढ़ श्रीमती निधि भारद्वाज, जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती स्वाति वाईकर, थिंक गैस के सीनियर मैनेजर श्री योगेश राय, आईओसीएल के एलपीजी मैनेजर श्री आनंद अवस्थी, थिंक गैस के डिप्टी मैनेजर श्री प्रसेनजीत चतुर्वेदी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी राजगढ़ श्रीमती अस्मिता गुप्ता एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ब्यावरा श्री राजेश जाटव उपस्थित रहे।



