खबरें

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में विधायक नरसिंहगढ़ श्री शर्मा, कलेक्टर डॉ. मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री तोलानी ने नागरिकों से किया संवाद

राजगढ़     मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत पीलूखेड़ी – गिलाखेड़ी में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक नरसिंहगढ़ श्री मोहन शर्मा, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। विधायक नरसिंहगढ़ श्री शर्मा ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने सीमांकन एवं अन्य राजस्व संबंधी समस्याओं के निराकरण, पंचायत स्तर पर मैदानी अमले की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सार्थक ऐप के माध्यम से कर्मचारियों की उपस्थिति की निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत संबंधी शिकायतों, अधिक बिजली बिल एवं क्षतिग्रस्त विद्युत केबल की समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही सोयाबीन फसल में हुए नुकसान का नियमानुसार आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित चौपाल आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने तथा जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

 

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनविश्वास की अवधारणा के अनुरूप शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन को सरल प्रक्रिया एवं कम से कम खर्च में उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने आयुष्मान कार्ड, आधार, समग्र पंजीयन एवं लोक सेवा केंद्रों से प्राप्त आवेदनों के समय-सीमा में निराकरण की समीक्षा की। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों – कर्मचारियों को अधिक से अधिक फील्ड में पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने तथा ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा।

 

*पुलिस अधीक्षक ने किया नागरिकों से संवाद*

 

पुलिस अधीक्षक श्री तोलानी ने नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि पुलिस से संबंधित किसी भी समस्या को बेहिचक पुलिस के समक्ष रखें। उन्होंने भूमि विवादों को प्रारंभिक स्तर पर संवाद एवं आपसी समझ से सुलझाने, साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की।

 

*उत्कृष्ट विवेचना के लिए पुलिस अधिकारी सम्मानित*

 

कार्यक्रम में उप निरीक्षक सुश्री पूजा राठौर को बलात्कार के प्रकरण में प्रभावी विवेचना कर आरोपी को न्यायालय से 20 वर्ष की सजा दिलाने तथा उप निरीक्षक श्री प्रवीण जाट को सुठालिया थाना क्षेत्र के हत्या प्रकरण में प्रभावी विवेचना कर 09 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाने पर प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

*हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात*

 

जनविश्वास अभियान के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्रदान किया गया। दशरथ, दीपक सैनी, अमीना, पायल, कशिश, गोरेलाल, समीना बी, मनीष एवं बाबूलाल को टीबी किट तथा वंश, प्रेम सिंह, लखन सिंह, अमन खान, अमर सिंह, नंद किशोर शर्मा, कन्हैयालाल, सुनील कुमार, कमल पार्षद, रोहित, मोहम्मद जावेद, पुष्पेंद्र सिंह, रामस्वरूप अहिरवार, महेश कुमार, हरिओम, जीवन वर्मा एवं समंदर को इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल वितरित की गई। साथ ही 10 स्व-सहायता समूहों को कुल 34 लाख 50 हजार रुपये की राशि के चेक प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करते हुए नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का सहज रूप से लाभ उपलब्ध कराना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button