राज्य मंत्री श्री गौतम टेटवाल ने जिला चिकित्सालय एवं निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया औचक निरीक्षण
राजगढ़, 
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल ने बुधवार को जिला चिकित्सालय राजगढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालय के शिशु वार्ड, सर्जिकल वार्ड सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री श्री टेटवाल ने वार्डों में उपचाररत मरीजों से सीधे संवाद किया तथा उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। उन्होंने मरीजों से चिकित्सालय में मिल रही उपचार सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने एवं मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के पश्चात राज्य मंत्री श्री टेटवाल ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज जिले के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अधोसंरचना है। इसके पूर्ण होने से जिले के नागरिकों को बेहतर एवं उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. खान तथा सिविल सर्जन श्री रजनीश शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।

