विधायक की फॉर्च्यूनर ने बाइक सवार पिता-पुत्र को मारी टक्कर, पिता की मौत; बेटा गंभीर घायल
हाईवे पर हादसा, गंभीर हालत में भोपाल रेफर किए गए थे पिता-पुत्र

। राजगढ़ जिले के कुरावर में छोटी महाकाल मंदिर के सामने हाईवे पर विधायक अमर सिंह यादव की फॉर्च्यूनर कार और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 42 वर्षीय राघवेंद्र विश्वकर्मा की मौत हो गई, जबकि उनका 11 वर्षीय बेटा लक्ष्य विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भोपाल के बंसल हॉस्पिटल रेफर किया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फॉर्च्यूनर कार क्रमांक MP04 WC 0111 में विधायक अमर सिंह यादव यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान छोटी महाकाल मंदिर के सामने कार की बाइक क्रमांक MP04 QM 5768 से भिड़ंत हो गई। बाइक पर राघवेंद्र विश्वकर्मा अपने बेटे लक्ष्य के साथ सवार थे। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए कुरावर के लाइफ केयर हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
बताया गया कि दुर्घटना में राघवेंद्र विश्वकर्मा के सिर में गंभीर चोट आई थी और उनके कान से खून निकल रहा था। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पिता-पुत्र को बेहतर इलाज के लिए भोपाल के बंसल हॉस्पिटल रेफर किया गया। हालांकि, राघवेंद्र विश्वकर्मा की मौत की सूचना सामने आई है, जबकि उनके बेटे लक्ष्य की हालत गंभीर बताई जा रही है।
राघवेंद्र विश्वकर्मा पीलूखेड़ी स्थित एचपीसीएल कंपनी में कार्यरत थे और कुरावर की भोपाल रोड स्थित एसएस न्यूमार्केट रिजेंसी कॉलोनी में रहते थे। पिता की मौत और बेटे के गंभीर रूप से घायल होने की घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है



