खबरें

सेवा से संकल्प अभियान के तहत एकल नलजल योजनाओं का जमीनी स्तर पर निरीक्षण

राजगढ़    कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत जल जीवन मिशन की एकल नलजल योजनाओं के प्रभावी एवं सतत संचालन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के भूजल वैज्ञानिक डॉ. रामगोपाल नागर द्वारा जिले के एकल नलजल योजनाओं वाले ग्रामों में ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर योजनाओं का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया जा रहा है।अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक लक्ष्य निर्धारित कर ग्रामों में नलजल योजनाओं के वास्तविक संचालन की स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिन ग्रामों में स्रोत अथवा अन्य तकनीकी कारणों से नलजल योजनाएं बंद पाई जा रही हैं, उन्हें आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं समन्वय के माध्यम से पुनः चालू कराया जा रहा है।

इसी क्रम में इस सप्ताह पनिया, भोपालपुरा, लसूलडिया जागीर, कोलूखेड़ी, कुकलियाखेड़ी, मंडावर खेड़ी, गनियारी, कुंवरकोठरी, टिकरिया, मुंडला, बारोल, रूपारेल एवं चोरखेड़ी सहित विभिन्न ग्रामों में पेयजल आपूर्ति सुचारू की गई है। इन ग्रामों में योजना संचालन का सत्यापन कर हर घर जल प्रमाणीकरण की कार्यवाही भी की जा रही है।

अभियान के तहत जिले के सभी एकल नलजल योजनाओं वाले ग्रामों में योजनाओं का वास्तविक स्थिति के आधार पर निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान जलस्रोतों की सुरक्षा, स्रोतों की सततता (सोर्स सस्टेनेबिलिटी), जल पुनर्भरण (रीचार्जिंग) तथा नलजल योजनाओं के सफल संचालन एवं संधारण के संबंध में आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

इस अभियान का उद्देश्य केवल नलजल योजनाओं को चालू कराना ही नहीं, बल्कि उनके दीर्घकालीन एवं सतत संचालन को सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक परिवार तक नियमित एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। अभियान के परिणामस्वरूप जल जीवन मिशन अंतर्गत हर घर जल प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को भी गति मिल रही है और ग्रामों में योजनाओं के सफल संचालन के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button