खबरें

5 नंबर छठ घाट पर भव्य रूप से मनेगा छठ महापर्व, 15 नवंबर को सजेगी लोक गायकों की महफिल

 

भोपाल। राजधानी भोपाल के 5 नंबर स्थित प्राचीन छठ घाट पर लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा इस वर्ष धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। भोजपुरी भाषी विकास संघ द्वारा पर्व की तैयारियां की जा रही हैं। 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें सुप्रसिद्ध लोक गायिका पूजा दीक्षित तथा गायक मिथिलेश गिरी और पवन गिरी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

 

भोजपुरी भाषी विकास संघ के प्रदेश महासचिव गंगा सागर यादव ने बताया कि चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हो चुका है। 14 नवंबर को खरना होगा। इसके बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे का निर्जला उपवास रखेंगी। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ व्रत का पारण होगा।

 

श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं

 

छठ घाट पर श्रद्धालुओं और व्रती महिलाओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। संध्या एवं प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान निःशुल्क चाय-कॉफी वितरित की जाएगी। वहीं सुबह श्रद्धालुओं को पारंपरिक घुघनी का प्रसाद भी दिया जाएगा।

 

नए कुंड का निर्माण, एसटीपी प्लांट का कार्य अंतिम चरण में

 

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए क्षेत्रीय पार्षद योगेंद्र सिंह चौहान के प्रयासों से इस वर्ष घाट पर एक नए कुंड का निर्माण कराया गया है। अगले वर्ष एक और कुंड बनाने की योजना है। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा घाट के पानी को स्वच्छ रखने के लिए एसटीपी प्लांट का निर्माण लगभग पूरा कर लिया गया है, जिसके अगले वर्ष शुरू होने की संभावना है।

 

जनप्रतिनिधियों के सहयोग से हुआ घाट का विकास

 

गंगा सागर यादव ने बताया कि भोजपुरी भाषी विकास संघ के अध्यक्ष प्रेम नारायण लक्ष्मण गिरि के निरंतर प्रयासों और शासन-प्रशासन से संवाद के चलते 5 नंबर छठ घाट का विस्तार लगभग आधा किलोमीटर के क्षेत्र में हुआ है। वर्ष 2012 में घाट निर्माण की नींव रखने में पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता एवं तत्कालीन नगरीय प्रशासन मंत्री जयंत मलैया का योगदान रहा। बाद में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के सहयोग से घाट का सौंदर्यीकरण आगे बढ़ा।

 

घाट परिसर में सूर्य मंदिर एवं छठ माई का मंदिर भी निर्मित है। इनके निर्माण में क्षेत्रीय पार्षद योगेंद्र सिंह चौहान तथा भाजपा भोपाल जिला अध्यक्ष एवं समाज के संरक्षक रविंद्र यति का सहयोग रहा। एसटीपी प्लांट के लिए महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, जलकार्य विभाग के एमआईसी सदस्य रविंद्र यति एवं पार्षद योगेंद्र सिंह चौहान के प्रति संघ ने आभार व्यक्त किया।

 

भोजपुरी भाषी विकास संघ के अध्यक्ष प्रेम नारायण लक्ष्मण गिरि, प्रदेश महासचिव गंगा सागर यादव, कोषाध्यक्ष गणेश सिंह, उपाध्यक्ष चंद्रभानु राय, प्रवक्ता छोटू गिरी, रामजी यादव, धनजी गिरी सहित समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नगरवासियों से छठ महापर्व में शामिल होने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button